Wednesday ,August 12, 2026
होमछत्तीसगढ़कोरबा में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, 2 की मौत, 3 गंभीर...

कोरबा में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, 2 की मौत, 3 गंभीर

 Newsbaji  |  Aug 12, 2026 07:36 PM  | 
Last Updated : Aug 12, 2026 07:36 PM
चैतमा में कार-बाइक की भीषण टक्कर, 2 की मौत और 3 गंभीर घायल
चैतमा में कार-बाइक की भीषण टक्कर, 2 की मौत और 3 गंभीर घायल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार कि बाइक के उड़े परखच्चे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त बाइक पर 3 लोग सवार थे। चैतमा के पास पहुंचते ही बाइक की सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके कई हिस्से सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक पर सवार तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

कार में सवार दो लोग भी घायल
हादसे में कार सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि कार में एक महिला मरीज भी सवार थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार सवार रायपुर से इलाज कराकर मनेन्द्रगढ़ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान चैतमा के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के कारण कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने घायलों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों को देखते हुए तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft