Tuesday ,August 11, 2026
होमछत्तीसगढ़भिलाई श्रमिक सभा (HMS) का चुनाव, HS मिश्रा अध्यक्ष और DK सिंह महासचिव निर्वाचित...

भिलाई श्रमिक सभा (HMS) का चुनाव, HS मिश्रा अध्यक्ष और DK सिंह महासचिव निर्वाचित

 Newsbaji  |  Aug 11, 2026 06:27 PM  | 
Last Updated : Aug 11, 2026 06:27 PM
 HMS यूनियन चुनाव में अध्यक्ष एचएस मिश्रा और महासचिव डीके सिंह निर्वाचित
HMS यूनियन चुनाव में अध्यक्ष एचएस मिश्रा और महासचिव डीके सिंह निर्वाचित

भिलाई। भिलाई श्रमिक सभा (HMS) यूनियन का आम चुनाव मंगलवार को इंडियन कॉफी हाउस, सुपेला के सभागार में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हुआ। पंजीयक, व्यवसायिक संघ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सहायक श्रम आयुक्त दुर्ग पायल शर्मा मौजूद रहीं। उनके सहयोगी भी मौजूद रहे।

सर्वसम्मति से हुआ अध्यक्ष और महासचिव का चुनाव
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत चुनाव अधिकारी की अनुमति के बाद मंच संचालक प्रमोद कुमार मिश्र ने की। आम सभा की अध्यक्षता के लिए डीके सिंह ने छत्तीसगढ़ प्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष एचएस मिश्रा के नाम का प्रस्ताव रखा। सदन ने करतल ध्वनि के साथ प्रस्ताव का समर्थन किया।

अध्यक्ष पद के लिए डीके सिंह ने एचएस मिश्रा के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव का समर्थन हरिराम यादव और टीकाराम साहू ने किया। अध्यक्ष पद के लिए कोई अन्य नाम सामने नहीं आने पर चुनाव अधिकारी ने एचएस मिश्रा को भिलाई श्रमिक सभा (HMS) यूनियन का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।

इसी तरह महासचिव पद के लिए जेके गहिने ने डीके सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा। इसका समर्थन धनीराम सोनवानी और राजेश शर्मा ने किया। अन्य कोई नाम प्रस्तावित नहीं होने पर चुनाव अधिकारी ने डीके सिंह को महासचिव निर्वाचित घोषित किया।

शेष पदाधिकारियों के चयन की जिम्मेदारी अध्यक्ष-महासचिव को
चुनाव के दौरान विनोद कुमार ने प्रस्ताव रखा कि शेष पदाधिकारियों के चयन की जिम्मेदारी नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं महासचिव को सौंपी जाए। सदन ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद एचएस मिश्रा और डीके सिंह ने चुनाव अधिकारी से पदाधिकारियों के चयन के लिए विचार-विमर्श हेतु आधे घंटे का समय मांगा। चुनाव अधिकारी की अनुमति मिलने के बाद दोनों पदाधिकारियों ने विचार-विमर्श कर नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की सूची चुनाव अधिकारी को सौंपी।

महासचिव डीके सिंह ने कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नाम सदन के समक्ष पढ़कर सुनाए। उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से नई कार्यकारिणी का समर्थन किया।

ठेका श्रमिकों के मुद्दे पर बोले नवनिर्वाचित अध्यक्ष
आम सभा को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष एचएस मिश्रा ने प्रदेश में ठेका श्रमिकों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए यूनियन को मजबूत एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र में भी यूनियन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि श्रमिकों के हितों की लड़ाई मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ी जाएगी।

महासचिव ने दिलाया संगठन मजबूत करने का भरोसा
कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित महासचिव डीके सिंह ने आम सभा में उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यूनियन को मजबूत बनाने और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए संगठन द्वारा हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। उन्होंने सदस्यों को आश्वस्त किया कि यूनियन की नई कार्यकारिणी श्रमिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएगी और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

सदस्य रहे मौजूद
आम सभा में एचएस मिश्रा, प्रेम सिंह चंदेल, जी. जोगेंद्र राव, हरिराम यादव, डीके सिंह, अशोक पंडा, जेके गहिने, एमके जगदाले, आदित्य माथुर, वीके पांडे, वीके सिंह, देशराज प्रसाद, त्रिलोक मिश्रा, एनके सिंह, अनिल कुमार जैन, राजेश शर्मा, सहित बड़ी संख्या में यूनियन के सक्रिय सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में भूतपूर्व सहायक श्रम आयुक्त संजय सिंह की भी उपस्थिति रही। चुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft