Tuesday ,August 11, 2026
होमछत्तीसगढ़दुर्ग शिवनाथ एक्सप्रेसवेज में अग्निशमन और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, SDRF जवानों ने सिखाए बचाव के गुर...

दुर्ग शिवनाथ एक्सप्रेसवेज में अग्निशमन और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, SDRF जवानों ने सिखाए बचाव के गुर

 Newsbaji  |  Aug 11, 2026 05:24 PM  | 
Last Updated : Aug 11, 2026 05:24 PM
शिवनाथ एक्सप्रेसवेज में SDRF ने दिया अग्निशमन, CPR एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण
शिवनाथ एक्सप्रेसवेज में SDRF ने दिया अग्निशमन, CPR एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण

दुर्ग। धमधा नाका के पास स्थित दुर्ग शिवनाथ एक्सप्रेसवेज प्राइवेट लिमिटेड में अग्निशमन, CPR तथा आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में SDRF के जवानों ने कर्मचारियों को आगजनी, हृदय संबंधी आपात स्थिति, बाढ़ और भूकंप के दौरान बचाव एवं राहत कार्य के व्यावहारिक तरीके बताए।

जिला अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर हुआ प्रशिक्षण
दुर्ग जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देशानुसार टीम प्रभारी ईश्वर खरे एवं SDRF जवानों की टीम ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आग के बारे में जानकारी देते हुए आग लगने के संभावित कारण, आग पर नियंत्रण पाने के तरीके तथा आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया।

CPR की दी महत्वपूर्ण जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) को लेकर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। SDRF जवान आशीष सिन्हा ने CPR की आवश्यकता, प्रक्रिया और आपात स्थिति में इसके सही उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति के बेहोश होने अथवा सांस और हृदय की गतिविधि रुकने जैसी गंभीर स्थिति में समय पर प्राथमिक सहायता देना बेहद महत्वपूर्ण होता है।

अग्निशमन और CPR का दिया प्रैक्टिकल डेमो
सिर्फ सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रहते हुए SDRF जवानों ने अग्निशमन और CPR का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया। प्रतिभागियों को अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित उपयोग तथा आग पर काबू पाने की प्रक्रिया को मौके पर प्रदर्शन के माध्यम से समझाया गया। वहीं CPR की तकनीक का भी प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के तरीके बताए गए।

बाढ़ और भूकंप से बचाव के बताए देसी जुगाड़
कार्यक्रम में बाढ़ एवं भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के उपायों पर भी जानकारी दी गई। SDRF जवानों ने सीमित संसाधनों में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध वस्तुओं के माध्यम से देसी जुगाड़ से बचाव कार्य करने के तरीके बताए। आपदा के समय लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, तत्काल राहत देने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने की जानकारी भी दी गई।

आपदा के समय संयम और त्वरित निर्णय जरूरी
प्रशिक्षण के दौरान SDRF टीम ने बताया कि किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में घबराने के बजाय संयम, त्वरित निर्णय और सही बचाव तकनीक का उपयोग करना जरूरी है। इस तरह के प्रशिक्षण से कर्मचारियों में आपात परिस्थितियों से निपटने का आत्मविश्वास बढ़ता है और संभावित जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft