रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के आठ अफसरों और राज्य प्रशासनिक सेवा के 19 अफसरों का तबादला कर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कई जिलों के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), नगर निगम आयुक्त और विभिन्न विभागों के अफसरों की नई पदस्थापना की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, रिमिजियस एक्का को नगरीय प्रशासन विभाग के साथ-साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं गजेंद्र सिंह ठाकुर को उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग बनाया गया है। प्रतीक जैन को जिला पंचायत कोरबा, सुरूचि सिंह को नगर पालिक निगम भिलाई का आयुक्त, जयंत नाहटा को जिला पंचायत धमतरी, एम. भार्गव को जिला पंचायत दंतेवाड़ा, तन्मय खन्ना को जिला पंचायत बस्तर तथा दुर्गा प्रसाद अधिकारी को जिला पंचायत राजनांदगांव का मुख्य कार्यपालन अफसर नियुक्त किया गया है।
राज्य प्रशासनिक सेवा के 19 अफसरों को भी नई जिम्मेदारी
राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों में इंद्रजीत बर्मन को स्वास्थ्य सेवाएं, राजीव कुमार पांडेय को उच्च शिक्षा संचालनालय, भारती चंद्राकर को मार्कफेड, दिनेश कुमार नाग को छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन तथा नयनतारा सिंह तोमर को चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में पदस्थ किया गया है।
जिला पंचायतों और नगर निगमों में भी बदलाव
राज्य सरकार ने जिला पंचायतों और नगर निगमों में भी कई अहम बदलाव किए हैं। गोकुल राम राबटे को मुंगेली, आशुतोष चतुर्वेदी को बलरामपुर-रामानुजगंज तथा अभिषेक कुमार गुप्ता को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का जिला पंचायत सीईओ बनाया गया है। प्रभाकर पांडेय को खेल एवं युवा कल्याण विभाग और शशांक पांडेय को रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन में नई जिम्मेदारी मिली है।
नगर निगम एवं जिला पंचायतों में अरुण कुमार वर्मा को धमतरी नगर निगम का आयुक्त, ऋषिकेष तिवारी को सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा विनय कुमार पोयाम को जांजगीर-चांपा जिला पंचायत का सीईओ नियुक्त किया गया है। प्रिया गोयल को भू-अभिलेख का अपर आयुक्त, योगेन्द्र श्रीवास को कोरिया जिला पंचायत का सीईओ तथा अतुल विश्वकर्मा को भू-अभिलेख का संयुक्त आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा रामप्रसाद आंचला को कबीरधाम कलेक्टर कार्यालय, जीआर मरकाम को राजनांदगांव नगर निगम तथा विजयेंद्र सिंह को चिरमिरी नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft