रायपुर। राज्य सरकार ने लंबे समय से लंबित निगम, मंडल, आयोग और बोर्डों में नियुक्तियों का ऐलान कर दिया है। सरकार की ओर से जारी सूची में 13 अलग-अलग संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों सहित कुल 25 बीजेपी नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के साथ ही विभिन्न संस्थाओं में नई कार्यकारिणी के गठन का रास्ता साफ हो गया है।
सरकार की सूची के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास को बनाया गया है, जबकि देवशरण सेन को सदस्य नियुक्त किया गया है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू होंगी। वहीं अनुसूचित जाति आयोग में रामलाल चौहान को अध्यक्ष और वेदराम मनहरे को उपाध्यक्ष बनाया गया है। आयोग में तीन अन्य सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है।
शिक्षा और संस्कृति से जुड़े संस्थानों में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम, संस्कृत विद्या मंडल के अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत तथा सदस्य सुमन मुथा बनाए गए हैं। शाकंभरी बोर्ड की कमान राजेंद्र नायक को सौंपी गई है। बोर्ड में चार अन्य सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है।
राजधानी से जुड़े महत्वपूर्ण निकाय रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के उपाध्यक्ष पद पर डॉ. जे.पी. शर्मा की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में मनमथ नाथ शर्मा को सदस्य तथा छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम में प्रसन्ना अवस्थी को सदस्य बनाया गया है।
देखिए लिस्ट


अन्य नियुक्तियों में किशोर महानंद को श्रम कल्याण मंडल का उपाध्यक्ष, आनंद कुमार तिवारी (राजीव लोचन दास महाराज) को गौ सेवा आयोग का उपाध्यक्ष और मंगल दास ठाकुर को अनुसूचित जनजाति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष आनंद निषाद और सदस्य नेतराम निषाद बनाए गए हैं।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft