रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य संगठनात्मक कार्यों को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
हर परस्थिति के लिए तैयार- किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि, भाजपा केवल चुनावी मोड में रहने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि इसके संगठनात्मक और रचनात्मक कार्यक्रम पूरे वर्ष संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में अभी लगभग ढाई वर्ष का समय शेष है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता हर परिस्थिति के लिए तैयार रहता है। पार्टी का कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करना है।
संगठन के कार्यों पर फोकस
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण के माध्यम से अधिक प्रखर और दक्ष बनाया जाता है, जिससे वे संगठन के कार्यों और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दिए गए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना आवश्यक है।
वहीं, भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के इतिहास की उस अवधि को भूलना नहीं चाहिए और नई पीढ़ी को उससे अवगत कराना जरूरी है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यशाला के प्रदेश संयोजक जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि डिजिटलाइजेशन संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे कार्यकर्ता विचारधारा और कार्यपद्धति से बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे।
23 जून से 6 जुलाई तक विशेष कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 23 जून से 6 जुलाई तक विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटाना डॉ. मुखर्जी के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा है।
कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, पार्टी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। आईटी सेल प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई ने डिजिटल अभियान की जानकारी दी।
ऑनलाइन ट्रेडिंग और नौकरी के नाम पर 85 लाख की ठगी, भिलाई में मामला दर्ज
रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष पर साध्वी के गंभीर आरोप, SSP से शिकायत के बाद जांच शुरू
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft