Monday ,August 10, 2026
होमछत्तीसगढ़30 फीट गहरी पत्थर खदान में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव बरामद, SDRF के डीप डाइविंग एक्सपर्ट ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन...

30 फीट गहरी पत्थर खदान में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव बरामद, SDRF के डीप डाइविंग एक्सपर्ट ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

 Newsbaji  |  Aug 10, 2026 09:55 AM  | 
Last Updated : Aug 10, 2026 09:55 AM
30 फीट गहरी पत्थर खदान में डूबे युवक का शव SDRF ने किया बरामद
30 फीट गहरी पत्थर खदान में डूबे युवक का शव SDRF ने किया बरामद

बेमेतरा/दुर्ग। जिले के बेरला थाना क्षेत्र के ग्राम चंडी भाठा स्थित पत्थर खदान में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव SDRF की टीम ने दूसरे दिन सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बरामद कर लिया। करीब 30 फीट गहरे पानी में SDRF के डीप डाइविंग एक्सपर्ट ने उतरकर युवक की तलाश की और लगभग सुबह 8:15 बजे शव बरामद करने में सफलता हासिल की।

नहाने के दौरान हादसा 
जानकारी के अनुसार, 09 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे चार दोस्त चंडी भाठा स्थित पत्थर खदान पहुंचे थे। इसी दौरान हर्ष दास, उम्र 22 वर्ष, निवासी भानपुरी, रायपुर, खदान में नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलने के बाद युवक की तलाश शुरू की गई।

जिला सेनानी के निर्देश पर सुबह रवाना हुई SDRF टीम
घटना की सूचना कंट्रोल रूम दुर्ग से प्राप्त होने के बाद जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर SDRF की टीम को रेस्क्यू के लिए रवाना किया गया। टीम 10 अगस्त की सुबह 5:30 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

30 फीट गहराई में डीप डाइविंग
खदान में पानी की गहराई लगभग 30 फीट होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था। SDRF के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव एवं चंद्रप्रताप जंघेल ने गहरे पानी में उतरकर तलाशी अभियान चलाया। लगातार प्रयास के बाद करीब 8:15 बजे दोनों एक्सपर्ट ने युवक के शव को बरामद कर लिया। शव बरामद होने के बाद उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

ये जवान रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल
रेस्क्यू टीम में प्रभारी धनीराम यादव के साथ जवान चंद्रप्रताप जंघेल, राजकुमार यादव, राजेश नेताम, रमेश रात्रे, भूपेंद्र सिंह, कुंजेश कुमार, भानुप्रताप, सूरज भांडेकर, ओंकार एवं शारदा प्रसाद शामिल रहे।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft