Sunday ,August 09, 2026
होमदेश-दुनियाराहुल गांधी का केंद्र और यूपी सरकार पर हमला, बोले- भारत के 40 करोड़ युवा सबसे बड़ी ताकत...

राहुल गांधी का केंद्र और यूपी सरकार पर हमला, बोले- भारत के 40 करोड़ युवा सबसे बड़ी ताकत

 Newsbaji  |  Aug 08, 2026 09:30 PM  | 
Last Updated : Aug 08, 2026 09:30 PM
प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने युवाओं को बताया भारत की सबसे बड़ी ताकत
प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने युवाओं को बताया भारत की सबसे बड़ी ताकत

प्रयागराज। केपी ग्राउंड प्रयागराज में शनिवार को आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। हजारों छात्रों और युवाओं की मौजूदगी में राहुल गांधी ने कहा कि भारत के करीब 40 करोड़ युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत की युवा शक्ति और प्रतिभा के सामने अमेरिका, चीन और रूस जैसी वैश्विक शक्तियां भी पीछे हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि, 21वीं सदी में भारत को वैश्विक स्तर पर आगे ले जाने की सबसे बड़ी क्षमता देश के युवाओं में है। उन्होंने युवाओं को भारत का भविष्य बताते हुए कहा कि उनमें अपार बुद्धि, रचनात्मकता और क्षमता मौजूद है, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण उनके सामने रोजगार के अवसर लगातार सीमित होते जा रहे हैं।

‘भारत की दो बड़ी ताकतें- युवा और डेटा’
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत के पास 21वीं सदी में दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता है। उन्होंने भारत की दो प्रमुख शक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहली शक्ति देश की विशाल युवा आबादी है और दूसरी शक्ति डेटा है।

राहुल गांधी के मुताबिक, भारत में बड़ी संख्या में युवा आबादी मौजूद है और देश में डिजिटल डेटा का इस्तेमाल भी बड़े पैमाने पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन दोनों संसाधनों का सही इस्तेमाल किया जाए तो भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

बेरोजगारी और पेपर लीक पर सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज बड़ी फीस खर्च करके हासिल की गई डिग्रियां भी युवाओं को रोजगार की गारंटी नहीं दे पा रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि, माता-पिता अपनी मेहनत की कमाई बच्चों की शिक्षा पर खर्च करते हैं। युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।

राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक की स्थिति में आर्थिक रूप से मजबूत परिवारों के बच्चों को लाभ मिल सकता है, जबकि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को इसका सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों के रास्ते लगातार बंद किए जा रहे हैं।

आनंद भवन में संगठनात्मक बैठक
प्रयागराज पहुंचने पर राहुल गांधी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने स्वागत किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, इलाहाबाद के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने से पहले राहुल गांधी ने अपने पैतृक परिसर आनंद भवन-स्वराज भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक भी की। बैठक में क्षेत्र में कांग्रेस के संगठनात्मक हालात और युवाओं से जुड़े आंदोलनों तथा मुद्दों की समीक्षा की गई।

युवाओं को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाने की कोशिश
प्रयागराज के छात्र-युवा वर्ग को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने रोजगार, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनके भाषण में युवा आबादी को भारत की आर्थिक और सामाजिक शक्ति के रूप में प्रस्तुत करने के साथ-साथ शिक्षा और रोजगार व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर जोर दिया गया।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft