लखनऊ. उत्तर प्रदेश में दोबारा सत्ता में आने के बाद से योगी सरकार ने अपना कामकाज करना तेज कर दिया है। इसी कड़ी में यूपी की जेलों में अब महामृत्युंजय और गायत्री मंत्र बजेगा। यूपी के जेल मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने इसे लेकर निर्देश भी जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि जेलों में बंद कैदियों की मानसिक शांति के लिए ये मंत्र बजाए जाएंगे। इसके अलावा जेल और होमगार्ड विभाग में प्लास्टिक बोतल और सामान पर भी रोक लगा दी गई है।
प्रदेश की जेलों से 135 कैदी हुए रिहा
प्रदेश की विभिन्न जेलों से 135 कैदियों को रिहा कर दिया गय़ा है। ये वे कैदी हैं जो अर्थदंड जमा न कर पाने के कारण लंबे समय से बंद हैं। कारागार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि कारागार विभाग से संबंधित शिकायतों को दर्ज करने के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी करने के निर्देश दिए गए है। जेलों में कैदियों से मुलाकात की ऑफलाइन व्यवस्था को धीरे-धीरे खत्म कर उन्होंने ऑनलाइन व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। कैदियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इससे कैदी अच्छी गुणवत्ता के उत्पाद बना सकेंगे, जिससे बाजार में अच्छी कीमत में उसे बेचा जा सकेगा।
जेल प्रशासन के रिक्त पदों पर जल्द भर्तियां
साथ ही मंत्री ने कहा कि, विभाग से संबंधित कोई भी कर्मी कभी उनसे मुलाकात कर अपनी बात कह सकता है। उन्होंने जेल विभाग में मिट्टी के बर्तनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने को कहा है। उन्होंने कहा कि विभाग के 100 दिन की कार्ययोजना में अधिकारियों के सुझावों को शामिल करने का आश्वासन दिया गया है। विभागीय रिक्तियों को भरने के लिए प्रस्ताव पेश करने के भी निर्देश विभागीय मंत्री ने अधिकारियों को दिए हैं।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft