रतलाम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में 3 वर्ष की बच्ची और 10 वर्ष का बच्चा भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग झाबुआ से रतलाम की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वे खाटू श्याम के दर्शन के लिए निकले थे। रात करीब 11:30 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र के रजलिया पाड़ा गांव के पास तेज रफ्तार कार ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होने के बाद कार पलट गई और सड़क पर चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों में 3 महिलाएं और एक पुरुष
हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में दो मासूम बच्चों के होने की जानकारी सामने आई है।
ग्रामीणों ने बचाव कार्य में की मदद
हादसे की सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना पुलिस के साथ SDOP ग्रामीण और FSL अफसर अतुल मित्तल भी घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने भी पुलिस और प्रशासन की मदद की। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार और ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान वाहन के अनियंत्रित होने को बताया जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। शिवगढ़ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बड़ा हादसा टला: CNG टैंकर से गैस रिसाव से मचा हड़कंप, पुलिस और दमकलकर्मी हुए अलर्ट
अलीगढ़-एटा हाईवे पर तेज रफ्तार कार पलटी, 3 की मौत; मासूम समेत 4 गंभीर
तृणमूल कांग्रेस नेता आशीष बनर्जी का निधन, पार्टी कार्यालय में मिला शव; पुलिस जांच में जुटी
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft