मुंबई। महाराष्ट्र के परभणी, नांदेड और हिंगोली जिलों में एक ही रात के दौरान चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। लगातार आए इन झटकों से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग रात में ही घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
भूकंप का पहला झटका रात 1:37 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 दर्ज की गई। इसके बाद 2:15 बजे 3.6, 2:17 बजे 3.9 और 3:23 बजे 4.01 तीव्रता के भूकंप दर्ज किए गए।
जानकारी के अनुसार, पहले भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले की वसमत तहसील के पांगरा शिंदे गांव के दक्षिण में था। वहीं दूसरे और तीसरे झटकों का केंद्र पांगरा शिंदे के पश्चिम-उत्तर दिशा में स्थित काकड़धाबा गांव के पास रहा। सभी भूकंपों की गहराई लगभग 10 किमी दर्ज की गई।
हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कई इलाकों में मकानों की दीवारों में दरारें आने और प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
गौरतलब है कि, इससे पहले 11 अप्रैल 2026 को भी इसी क्षेत्र में 4.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। लगातार आ रहे झटकों को देखते हुए जिला प्रशासन और छत्रपति संभाजीनगर स्थित MGM विज्ञान केंद्र के निदेशक श्रीनिवास एस. औंधकर ने लोगों से अफवाहों से बचने, घबराने के बजाय सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft