लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार को नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी। 9 जुलाई को लखनऊ, आगरा, वाराणसी समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में तेज हवाओं, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
IMD ने आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, सहारनपुर, शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर और बरेली में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, गोंडा और सुल्तानपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, ललितपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, अंबेडकर नगर, संत कबीर नगर, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
अगले चार दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश होगी, जबकि 11 और 12 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है, हालांकि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना बनी रहेगी।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft