दिल्ली। दिल्ली के हौज खास इलाके में बुधवार (27 मई) देर रात हुए दर्दनाक हादसे में रिटायर्ड IAS अधिकारी और पूर्व CCI चेयरमैन धनेंद्र कुमार का निधन हो गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह AC के इंडोर यूनिट में ब्लास्ट बताई जा रही है। हादसे में उनके बेटे भी झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11:18 बजे R-15 हौज खास स्थित मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद घर में मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया। धनेंद्र कुमार और उनके बेटे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान धनेंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया।
घटना के समय घर में परिवार के सदस्यों और घरेलू सहायकों समेत कुल 5 लोग मौजूद थे। फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है। अभी तक किसी साजिश की आशंका नहीं जताई गई है।
कौन थे धनेंद्र कुमार?
वर्ष 1946 में जन्मे धनेंद्र कुमार 1968 बैच के IAS अधिकारी थे। उनका प्रशासनिक करियर बेहद लंबा और प्रभावशाली रहा। उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे रक्षा मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय में सचिव रहे। इसके अलावा ग्रामीण विद्युतीकरण निगम (REC) के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाली।
वर्ल्ड बैंक और CCI में निभाई अहम भूमिका
धनेंद्र कुमार नवंबर 2005 से जनवरी 2009 तक वर्ल्ड बैंक में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका और भूटान के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रहे। इसके बाद फरवरी 2009 से जून 2011 तक उन्होंने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के चेयरमैन के रूप में कार्य किया।
उनके कार्यकाल में देश में प्रतिस्पर्धा कानून को मजबूत बनाने और बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने की दिशा में कई अहम कदम उठाए गए। कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय ने राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा नीति तैयार करने के लिए भी उनकी अध्यक्षता में कमेटी गठित की थी।
रिटायरमेंट के बाद भी रहे सक्रिय
सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सार्वजनिक नीति और कॉरपोरेट मामलों में सक्रिय रहे। वे COMPAD (Competition Advisory Services India LLP) के संस्थापक चेयरमैन थे और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स में स्कूल ऑफ कॉम्पिटिशन लॉ के प्रिंसिपल एडवाइजर एवं चीफ मेंटर के रूप में जुड़े रहे।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft