बलिया। रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमा शंकर सिंह का दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही रसड़ा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे बलिया जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। उमा शंकर सिंह उत्तर प्रदेश विधानसभा में बसपा के एकमात्र विधायक थे और पार्टी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में उनकी गिनती होती थी।
उमा शंकर सिंह ने वर्ष 2012 में सामान्य सीट बनी रसड़ा विधानसभा से बसपा प्रत्याशी के रूप में पहली बार भारी मतों से जीत दर्ज की थी। इसके बाद वे लगातार तीन बार विधायक निर्वाचित हुए। एक समय दो लाभ के पद धारण करने के मामले में उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हुई थी, लेकिन बाद में उनकी सदस्यता बहाल कर दी गई थी।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में वे बसपा के इकलौते विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे और प्रदेश की राजनीति में एक अलग पहचान बनाई। राजनीति के साथ-साथ वे समाजसेवा के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने पहले 251 और बाद में 351 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराकर प्रदेशभर में चर्चा बटोरी थी। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय माना जाता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक उमा शंकर सिंह का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
बसपा प्रमुख मायावती ने भी 'एक्स' पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि उमा शंकर सिंह समर्पित, ईमानदार और पार्टी के प्रति पूर्णतः निष्ठावान लोकप्रिय विधायक थे। उनके निधन को उन्होंने पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया तथा परिवार और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
उमा शंकर सिंह के निधन से उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है। उनके निधन को पूर्वांचल की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft