Thursday ,August 27, 2026
होमदेश-दुनियाआधी आबादी पर सपा का बड़ा दांव: 12वीं पास बेटियों को लैपटॉप, महिलाओं को सालाना 40 हजार देने का वादा...

आधी आबादी पर सपा का बड़ा दांव: 12वीं पास बेटियों को लैपटॉप, महिलाओं को सालाना 40 हजार देने का वादा

 Newsbaji  |  Aug 26, 2026 08:44 PM  | 
Last Updated : Aug 26, 2026 08:44 PM
अखिलेश यादव का महिला मतदाताओं के लिए बड़ा चुनावी ऐलान
अखिलेश यादव का महिला मतदाताओं के लिए बड़ा चुनावी ऐलान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी ने आधी आबादी को साधने के लिए बड़ा चुनावी दांव चला है। सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर 12वीं पास बेटी को लैपटॉप दिया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया गया।

अखिलेश यादव ने कहा कि, समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं और छात्राओं के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने अपनी पिछली सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान छात्राओं को साइकिल दी जाती थी। जनता ने दोबारा मौका दिया तो साइकिल वितरण योजना को फिर से शुरू किया जाएगा।

बंद 26 हजार स्कूल खोलने का वादा
सपा अध्यक्ष ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बंद किए गए करीब 26 हजार स्कूलों को समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर फिर से खोला जाएगा। अखिलेश ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की नीतियों से गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है।

महिला मतदाताओं को साधने की रणनीति
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, लैपटॉप, साइकिल और सालाना आर्थिक सहायता जैसी घोषणाओं के जरिए समाजवादी पार्टी महिला मतदाताओं, खासकर छात्राओं, युवतियों और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को साधने की कोशिश कर रही है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिला मतदाता लगातार निर्णायक भूमिका निभा रही हैं और ऐसे में सपा की यह घोषणा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

महिला वोट बैंक पर बढ़ेगी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा
अखिलेश यादव की इन घोषणाओं के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिला कल्याण और आर्थिक सहायता योजनाओं को लेकर राजनीतिक प्रतिस्पर्धा तेज होने की संभावना है। अब देखना होगा कि सत्तारूढ़ भाजपा इन घोषणाओं पर क्या प्रतिक्रिया देती है और महिला मतदाताओं के लिए अपने चुनावी एजेंडे में क्या नए कदम शामिल करती है।

सपा की इन घोषणाओं ने साफ कर दिया है कि आगामी राजनीतिक मुकाबले में महिलाएं, शिक्षा, आर्थिक सहायता और कल्याणकारी योजनाएं प्रमुख चुनावी मुद्दों में शामिल रहने वाली हैं।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft