रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश प्रभारी को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा संकेत दिया है। दिल्ली दौरे से लौटकर शुक्रवार को माना एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में संगठन प्रभारी की व्यवस्था बनी रहेगी। उनके इस बयान के बाद नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नितिन नवीन की जगह जल्द हो सकती है नई नियुक्ति
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन के स्थान पर छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर पार्टी के भीतर मंथन चल रहा है। नितिन नवीन करीब चार वर्षों से छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उनके स्थान पर छत्तीसगढ़ के लिए नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति होना तय माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यदि केंद्रीय नेतृत्व की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं हुआ तो अगले एक-दो दिनों में नए प्रभारी के नाम का ऐलान हो सकता है।
हालांकि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नए प्रभारी के नाम को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की। उन्होंने इसे केंद्रीय नेतृत्व का विषय बताया।
आज होगी भाजपा संगठन की अहम बैठक
छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आयोजित होगी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश भी शामिल होंगे। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा पखवाड़े के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश संगठन की आगामी गतिविधियों और पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
4 नगर निगम चुनाव में जीत का भरोसा
आगामी चार नगर निगमों के चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी जगह अच्छा काम हो रहा है और आने वाले चुनावों में भाजपा को अच्छी जीत मिलेगी। मुख्यमंत्री के इस बयान को निकाय चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने और चुनावी तैयारियों को गति देने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
बड़ी बातें एक नजर में
विवेक आचार्य को मिली नई जिम्मेदारी, छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के कार्यकारी संचालक बनाए गए
सितंबर में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, FPPAS में 7.93% की कटौती, 604 करोड़ रुपए बचेंगे
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft