रांची। रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में गिरफ्तार आरोपी सैफ पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हिरासत से फरार होने की कोशिश की थी, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संघ के कार्यालय में बम से हमला
जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 की रात करीब 11:35 बजे रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किया गया था। हमलावरों ने कार्यालय पर दो पेट्रोल बम फेंके थे। इनमें से एक बम मुख्य गेट के बाहर मिला, जबकि दूसरा कार्यालय की छत पर फेंका गया था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पूरी वारदात कार्यालय में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी।
केंद्रीय जांच एजेंसी की राडर पर आरोपी
हमले के बाद पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें एक आरोपी रांची और दो आरोपी लोहरदगा जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि आरोपियों ने घटना से ठीक पहले पेट्रोल बम तैयार किए थे। वे इस तरह के विस्फोटक बनाना सीख रहे थे और पूरी तरह प्रशिक्षित नहीं थे। पुलिस ने उनके कब्जे से पेट्रोल बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा सामान भी बरामद किया है।
पैर में मारी गोली
पुलिस के अनुसार, आरोपी सैफ को कोतवाली थाने में रखा गया था। गुरुवार देर रात उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। माण्डर टोल प्लाजा के पास पुलिस ने उसकी घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने एक जवान का हथियार छीनने और पुलिस टीम पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
आतंकियों से मिले होने की संभावना
जांच एजेंसियों ने मामले में कई अहम दावे भी किए हैं। प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तत्वों की संभावित भूमिका की जांच की जा रही है। एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों की भर्ती कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिए की गई थी। इसके अलावा हमले से पहले RSS कार्यालय की रेकी किए जाने की बात भी सामने आई है। जांच में शहजाद भट्टी मॉड्यूल की संभावित भूमिका की भी आशंका जताई गई है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मालखाने से एक करोड़ से ज्यादा के आभूषण गायब! पुलिस बोली- बंदर ले गए, कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट
जेल में बंद छात्र को NEET-2026 परीक्षा देने की अनुमति, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जारी किया आदेश
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft