रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ते अपराधों पर लगाम कसने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के उद्देश्य से शनिवार को रायपुर पुलिस ने शहरभर में मेगा नाकेबंदी अभियान चलाया। शहर के 35 प्रमुख स्थानों पर एक साथ चेकिंग पॉइंट बनाकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। अचानक शुरू हुए इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधिकारियों की निगरानी में प्रमुख चौक-चौराहों, शहर के प्रवेश मार्गों और संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग कर दोपहिया, चारपहिया समेत सभी प्रकार के वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर प्लेट और संदिग्ध नंबर वाले वाहनों पर विशेष फोकस रखा गया।
जांच के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। वहीं, संदिग्ध वाहनों की डिक्की और सामान की भी तलाशी ली गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनका इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं हो रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, हाल के दिनों में अपराधों में चोरी के वाहनों और फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल बढ़ने की शिकायतों को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। ऐसे वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मेगा नाकेबंदी के कारण शहर के कई इलाकों में कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतारें लगीं। हालांकि, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
रायपुर पुलिस ने कहा कि, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों की आवाजाही पर रोक लगाने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने साफ किया कि फर्जी नंबर प्लेट लगाने, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
JNM मेडिकल कॉलेज, रायपुर में MBBS की 20 नई सीटों को मंजूरी, कुल क्षमता 250 हुई
नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल बंद, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft