सीतापुर। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिला प्रशासन ने एहतियातन नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों पर लागू होगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि, जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में संभावित भारी बारिश और अतिवृष्टि को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर सरकारी कार्यों का संपादन करना होगा।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को जिले में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पश्चिमी दिशा से 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रात में भी बारिश की संभावना बनी रहेगी।
अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान
रविवार को आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 28.3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 13 और 14 जुलाई को भी मौसम में बदलाव बना रहेगा। आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 15, 16 और 17 जुलाई को बारिश का दौर फिर तेज हो सकता है। इन तीन दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ व्यापक वर्षा की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft