रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर (मदनी चौक) में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराए के मकान से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद हुए। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतकों की पहचान साजिद अली (50), उनकी पत्नी राबिया, पुत्र इरशाद अली (19), पुत्री शाहिदा बेगम (17) और इरशाबा परवीन (16) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में साजिद अली का शव फंदे पर लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे में पाए गए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया अन्य चार लोगों की मौत जहर के सेवन से होना प्रतीत हो रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट के बाद ही होगी।
गुरुवार शाम से बंद था घर
पड़ोसियों के अनुसार, परिवार पिछले करीब 8 महीने से इस मकान में किराए पर रह रहा था। गुरुवार शाम से घर का दरवाजा अंदर से बंद था और काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं दिखी। संदेह होने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर मकान के भीतर पांचों शव मिले।
आर्थिक तंगी और कर्ज की भी जांच
स्थानीय लोगों के मुताबिक साजिद अली मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था। परिवार पर बैंक का कर्ज होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि, कर्ज वसूली के लिए रिकवरी एजेंट अक्सर घर आते थे और आर्थिक तंगी को लेकर परिवार में तनाव रहता था। पुलिस इन पहलुओं की भी जांच कर रही है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
FSL टीम जुटा रही साक्ष्य
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सुरक्षित कर FSL की टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और मर्ग कायम कर मामले के हर पहलू की विस्तृत जांच की जा रही है।
मुख्य बातें
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft