रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह स्थित पॉश गोल्डन होम्स कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने कारोबारी भरत छाबड़िया के बंगले में घुसकर करीब 10 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बाथरुम की खिड़की तोड़कर हुए दाखिल
मिली जानकारी के अनुसार, चोर बंगले के बाथरूम की खिड़की तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए। हैरानी की बात यह है कि वारदात के समय कारोबारी भरत छाबड़िया और उनके परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे। सुबह उठने पर परिवार ने देखा कि कमरों का सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी खुली हुई है।
परिजनों के मुताबिक, चोर घर से करीब 7 से 8 तोला सोने के जेवर, चांदी के आभूषण और लगभग 10 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिसिंग पर उठे सवाल
गोल्डन होम्स जैसी हाई-प्रोफाइल कॉलोनी में परिवार की मौजूदगी के दौरान हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भी चिंता और असुरक्षा का माहौल देखा जा रहा है।
खम्हारडीह थाना प्रभारी भावेश गौतम ने बताया कि, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft