गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के कोटमी बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लूट के मामले में पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। घटना स्थल से करीब 8 किमी दूर बोदराटोला-तिलोरा के जंगल में पुलिस ने ज्वेलरी के बैग, जला हुआ थैला और अन्य बिखरा हुआ सामान बरामद किया है। इन वस्तुओं को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस का मानना है कि, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इसी जंगल में रुके थे। सबूत मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने कुछ सामानों को आग के हवाले कर दिया और बाकी सामग्री वहीं छोड़कर फरार हो गए। बरामद सामान की फोरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
हत्या के 7 दिन बाद भी आरोपी फरार
घटना के सात दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि, जंगल से मिले साक्ष्य जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तीन बदमाशों ने मारी थी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 26 मई 2026 की शाम करीब 7 बजे तीन आरोपी एक पल्सर बाइक पर सवार होकर कोटमी बाजार पहुंचे थे। बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी को बेहद करीब से गोली मारी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर खून के नमूने, खाली कारतूस और अन्य साक्ष्य एकत्र किए थे।
पुलिस की जांच तेज
जंगल से मिले जले हुए बैग और अन्य सामान को इस मामले में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामग्री का संबंध सीधे आरोपियों से है या नहीं। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इन साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही हत्याकांड और लूट की वारदात का खुलासा हो सकता है।
3 लाख के 18 गुम मोबाइल बरामद, बसंतपुर पुलिस ने लौटाईं लोगों की यादें और मुस्कान
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft