क्राइम। आंध्र प्रदेश से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है, जहां एक व्यक्ति ने अपने 3 बच्चों को जहर देकर मार डाला और बाद में खुदकुशी कर ली है। यह घटना नंद्याल जिले के उय्यालावाड़ा मंडल के थुडुमलादिन्ने गांव की है।
दरअसल, वेमुलपति सुरेंद्र ने खुदकुशी करने से पहले अपने 2 से 7 वर्ष के तीन बच्चों को मार डाला। मासूम बच्चों के नाम काव्यश्री, ज्ञानेश्वरी, सूर्या गगन है और खुद सुरेंद्र का शव उसके घर से मिला है। चारों के शवों को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पुलिस विवेचना में जुट गई है।
पत्नी पहले ही कर चुकी खुदकुशी
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस को शक है कि, सुरेंद्र ने फांसी लगाने से पहले बच्चों को कीटनाशक मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाया था। सुरेंद्र की पत्नी, महेश्वरी, ने 16 अगस्त को खुदकुशी कर ली थी। महिला ने खराब सेहत की वजह से यह कदम उठाया था और तब से सुरेंद्र बच्चों की देखभाल कर रहा था। पुलिस को शक है कि सुरेंद्र ने निजी परेशानियों के कारण बच्चों को मारकर खुद भी खुदकुशी कर ली।
पत्नी की खुदकुशी से था दुखी
वहां के स्थानीय लोगों के अनुसार, सुरेंद्र अपनी पत्नी की खुदकुशी से बहुत दुखी था। वह आर्थिक समस्याओं और अकेले बच्चों की परवरिश करने में भी मुश्किलों का सामना कर रहा था। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से पुलिस ने घर से खाने और कोल्ड ड्रिंक्स के सैंपल लिए हैं और उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft