Thursday ,August 13, 2026
होमजुर्मEOW/ACB की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल 2 और वाहन जब्त ...

EOW/ACB की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल 2 और वाहन जब्त 

 Newsbaji  |  Aug 13, 2026 08:02 AM  | 
Last Updated : Aug 13, 2026 08:05 AM
EOW/ACB ने अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल दो और वाहन किए जब्त
EOW/ACB ने अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल दो और वाहन किए जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में EOW/ACB ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने लॉकडाउन के दौरान कथित अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए 2 और वाहनों को जब्त किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक जब्त किए गए वाहनों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है।

EOW/ACB के मुताबिक, प्रकरण क्रमांक 04/2024 की जांच के दौरान पूछताछ और सामने आए तथ्यों के आधार पर इन वाहनों के लॉकडाउन अवधि में अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। जांच एजेंसी का आरोप है कि मार्च-अप्रैल 2020 में लॉकडाउन के दौरान एन.व्ही. डिस्टलरीज से आबकारी अफसरों के माध्यम से शराब का कथित अवैध परिवहन किया गया।

रायपुर-दुर्ग के होटल और बार तक पहुंचाई गई शराब
जांच के अनुसार, कथित तौर पर अवैध रूप से परिवहन की गई शराब को रायपुर और दुर्ग के विभिन्न होटल एवं बार तक पहुंचाया गया। वहां इसे अधिक कीमत पर बेचे जाने और बिक्री से प्राप्त रकम को कथित शराब सिंडिकेट तक पहुंचाए जाने के पहलू की भी जांच की जा रही है।

श्री साईं ट्रांसपोर्ट से जुड़े 2 वाहन जब्त
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर EOW/ACB ने दिनेश अग्रवाल के श्री साईं ट्रांसपोर्ट से जुड़े 2 वाहनों को जब्त किया है। जब्त किए गए वाहनों में CG04-MF-1274 और CG04-MC-2618 शामिल हैं। ब्यूरो के अनुसार, दोनों वाहन वर्तमान में गैस परिवहन के काम में इस्तेमाल किए जा रहे थे। जांच के दौरान लॉकडाउन अवधि में कथित अवैध शराब परिवहन में इनके इस्तेमाल की जानकारी सामने आने के बाद कार्रवाई की गई।

अब तक 28 वाहनों पर कार्रवाई
शराब घोटाला मामले की जांच में EOW/ACB अब तक कुल 28 वाहनों की जब्ती कर चुका है। एजेंसी की जांच कथित अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और उससे प्राप्त रकम को शराब सिंडिकेट तक पहुंचाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर केंद्रित है।

ब्यूरो की कार्रवाई से संकेत है कि, जांच एजेंसी कथित शराब सिंडिकेट के नेटवर्क, परिवहन व्यवस्था और आर्थिक लेन-देन से जुड़े पहलुओं को खंगाल रही है। मामले में आगे और संपत्तियों अथवा वाहनों पर कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft