Tuesday ,September 08, 2026
होमजुर्मतेज आवाज में DJ बजाना पड़ा भारी, पुलिस ने वाहन सहित साउंड सिस्टम किया जब्त...

तेज आवाज में DJ बजाना पड़ा भारी, पुलिस ने वाहन सहित साउंड सिस्टम किया जब्त

 Newsbaji  |  Sep 08, 2026 02:25 PM  | 
Last Updated : Sep 08, 2026 02:25 PM
तेज आवाज में DJ बजाने पर पुलिस की कार्रवाई, वाहन सहित साउंड सिस्टम जब्त
तेज आवाज में DJ बजाने पर पुलिस की कार्रवाई, वाहन सहित साउंड सिस्टम जब्त

भिलाई। शहर में तेज आवाज में DJ और साउंड सिस्टम बजाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में थाना भिलाई भट्टी पुलिस ने सेक्टर-04 पांडे चौक के पास तेज आवाज में DJ बजाते एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माजदा वाहन सहित DJ साउंड सिस्टम जब्त किया है।

पुलिस को रात करीब 21:40 बजे सूचना मिली थी कि, सेक्टर-4 पांडे चौक के पास माजदा वाहन में अत्यधिक तेज आवाज में DJ/साउंड सिस्टम बजाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने तनिष चौधरी को माजदा वाहन क्रमांक CG 07 LX 8552 में 06 नग DJ  साउंड बॉक्स लगाकर अत्यधिक तेज आवाज में DJ संचालित करते हुए पाया। पुलिस ने डीजे संचालन के संबंध में वैध अनुमति पत्र मांगा, लेकिन संबंधित व्यक्ति के पास अनुमति नहीं थी। इस संबंध में उसने लिखित रूप से अनुमति नहीं होना बताया।

वाहन और DJ साउंड सिस्टम जब्त
पुलिस ने मामले में माजदा वाहन, 06 नग DJ साउंड बॉक्स और 01 नग एम्पलीफायर जब्त किया है। कार्रवाई छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण के नियम तहत की गई है। पुलिस ने मामला पंजीकृत कर प्रकरण को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इसके साथ ही अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष नियमानुसार बॉन्ड जब्ती की कार्रवाई भी की जा रही है।

यहां हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई सेक्टर-4 पांडे चौक, भिलाई, थाना भिलाई भट्टी, जिला दुर्ग में की गई। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि DJ एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों और अनुमति के अनुरूप ही करें। अत्यधिक तेज आवाज में DJ बजाकर आमजन की शांति एवं सुविधा प्रभावित करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft