Wednesday ,September 09, 2026
होमदेश-दुनियाभीषण सड़क हादसा: दंपती समेत 3 की मौत, डिवाइडर से टकराकर चकनाचूर हुई क्रेटा...

भीषण सड़क हादसा: दंपती समेत 3 की मौत, डिवाइडर से टकराकर चकनाचूर हुई क्रेटा

 Newsbaji  |  Sep 08, 2026 11:15 AM  | 
Last Updated : Sep 08, 2026 11:15 AM
मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा, दंपती समेत 3 की मौत
मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा, दंपती समेत 3 की मौत

पटना। मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दंपती समेत 3 लोगों की मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर शिवनार के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तीनों मृतक खगड़िया जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

काम खत्म कर खगड़िया लौट रहे थे तीनों
मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों लोग किसी काम के सिलसिले में पटना आए थे। काम पूरा करने के बाद वे अपनी निजी क्रेटा कार से खगड़िया लौट रहे थे। इसी दौरान शिवनार के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक का शव कार के अंदर ही फंस गया था। काफी मशक्कत के बाद उसे वाहन से बाहर निकाला जा सका।

मौके पर जुटी लोगों की भीड़
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मोकामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोकामा ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।

परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी है। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

झपकी आने से हादसे की आशंका
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण कार के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft