Tuesday ,September 08, 2026
होमदेश-दुनियाराहुल गांधी आज से दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर, आमजन से करेंगे संवाद; ‘दिशा’ की बैठक में होंगे शामिल...

राहुल गांधी आज से दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर, आमजन से करेंगे संवाद; ‘दिशा’ की बैठक में होंगे शामिल

 Newsbaji  |  Sep 08, 2026 10:55 AM  | 
Last Updated : Sep 08, 2026 11:00 AM
दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर राहुल गांधी
दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर राहुल गांधी

रायबरेली। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और रायबरेली से लोकसभा सांसद राहुल गांधी मंगलवार से अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। 8 और 9 सितंबर को प्रस्तावित दौरे के दौरान राहुल गांधी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

कई स्थानों पर होगा राहुल गांधी का स्वागत
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज तिवारी के मुताबिक, राहुल गांधी मंगलवार शाम करीब 3:30 बजे रायबरेली पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए जिले में कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनमें सब्जी मंडी गुमावा बॉर्डर, ब्लॉक शिवगढ़, यूको बैंक शाखा हलोर, ब्लॉक महाराजगंज, महाराजगंज तिराहा पुलिस चौकी, हरदासपुर चौराहा ब्लॉक अमावां और सारस होटल के पास गोल चौराहा शामिल हैं।

रायबरेली पहुंचने के बाद राहुल गांधी प्रभु टाउन में सर्विस व्यवसायी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सांसद आवास पर मुख्य बार एसोसिएशन, चिकित्सक एवं केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वह जिले के स्पोर्ट्समैन और खिलाड़ियों से भी संवाद करेंगे।

भुएमऊ सांसद आवास पर रात्रि विश्राम
मंगलवार रात राहुल गांधी भुएमऊ स्थित सांसद आवास पर रात्रि विश्राम करेंगे। बुधवार सुबह उनके कार्यक्रम की शुरुआत आमजन और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात के साथ होगी।

9 बजे से सुनेंगे लोगों की समस्याएं
बुधवार सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक राहुल गांधी आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान वह विभिन्न डेलीगेशन से भी संवाद करेंगे। लोगों की स्थानीय समस्याओं और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर होने वाली यह मुलाकात दौरे का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है। इसके बाद सुबह 10:35 बजे राहुल गांधी विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, 11:30 बजे जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में हिस्सा लेंगे।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज तिवारी ने पूर्व विधायकों, विधानसभा प्रत्याशियों, पूर्व जिलाध्यक्षों, नगर निकाय प्रतिनिधियों, एआईसीसी-पीसीसी सदस्यों, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों समेत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft