बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में साप्ताहिक बाजार में देसी कट्टा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हथियार उपलब्ध कराने वाले दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम खुड़मुड़ी नवागांव के साप्ताहिक बाजार में एक युवक हाथ में कट्टा लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। उसकी इस हरकत से बाजार में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने हुलिए के आधार पर तलाश शुरू की और घेराबंदी कर खुड़मुड़ी नवागांव निवासी तुषार निषाद (23) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान तुषार निषाद की निशानदेही पर एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि यह हथियार उसे पास के गांव के प्रतीक वैष्णव (41) ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतीक वैष्णव को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि, आरोपियों के पास अवैध कट्टा कहां से आया और क्या उनका किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से भी संबंध है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026: 734 पदों पर निकली भर्ती, 10 अगस्त तक करें आवेदन
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft