राजनांदगांव। मोबाइल फोन आज केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि लोगों की यादों, जरूरी दस्तावेजों और व्यक्तिगत जानकारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में गुम हुए मोबाइल वापस मिलना किसी बड़ी राहत से कम नहीं होता। इसी कड़ी में थाना बसंतपुर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए 18 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन ट्रेस किए। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है।
जब वापस मिली खोई हुई उम्मीद
शनिवार को थाना परिसर बसंतपुर में आयोजित कार्यक्रम में निरीक्षक एमन साहू और थाना स्टाफ की मौजूदगी में मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए। अपना फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कई लोगों ने बताया कि, मोबाइल में परिवार की पुरानी तस्वीरें, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंकिंग संबंधी जानकारी और आवश्यक संपर्क नंबर सुरक्षित थे। मोबाइल गुम होने के बाद उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वह दोबारा मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की मेहनत और तकनीकी जांच के चलते उनका कीमती सामान वापस मिल गया।
पुलिस ने ली तकनीकी सहायता
गुम मोबाइलों की तलाश में बसंतपुर पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया। इस तकनीकी प्लेटफॉर्म के माध्यम से मोबाइल की लोकेशन और उपयोग संबंधी जानकारी जुटाकर उन्हें खोजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, यदि किसी को कोई गुम मोबाइल फोन मिलता है तो उसका इस्तेमाल न करें और उसे निकटतम थाना में जमा कराएं। ऐसा करने से मोबाइल उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंच सकेगा और कानूनी जटिलताओं से भी बचा जा सकेगा।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft