कोरिया. छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 17 साल के किशोर ने अपने जीजा की हत्या कर दी और फिर खुद उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंच गया. पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली. किशोर ने आपसी विवाद के बाद टंगिया से हमला कर जीजा को मौत के घाट उतार दिया और शव को गड्ढे में छिपा दिया.
बता दें कि मृतक सुमन सिंह, जो मध्य प्रदेश के उमरिया का निवासी था, अपने ससुराल, ग्राम छोटे साल्ही (कोरिया) में रहता था और जेसीबी ऑपरेटर के रूप में काम करता था. किसी विवाद के चलते सुमन और उसके 17 वर्षीय साले के बीच बहस हो गई. गुस्से में आकर किशोर ने टंगिया से कई बार सुमन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
शव को गड्ढे में छिपाया
हत्या के बाद किशोर ने सुमन के शव को घर के पास बने सोख्ता के गड्ढे में डाल दिया ताकि किसी को शक न हो. इसके बाद उसने बचरापोड़ी पुलिस चौकी में जाकर सुमन की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. लेकिन उसकी हरकतों से पुलिस को कुछ संदेह हुआ, जिससे मामले की गहराई से जांच शुरू की गई.
पुलिस की जांच में खुलासा
जांच के दौरान पुलिस ने एसडीएम की अनुमति से उस गड्ढे की खुदाई करवाई जहां शव छिपाया गया था. खुदाई के बाद सुमन सिंह का शव बरामद हुआ, और मामले की असलियत सामने आई. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया.
आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
पुलिस ने हत्या के आरोपी 17 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार कर लिया है और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. अब पुलिस आगे की जांच में जुट गई है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके.
भारत की कृषि गाथा का नया रूप: परिवर्तन का एक दशक
सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft