राजनांदगांव. डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में शनिवार रात दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ अनियंत्रित हो गई, जिससे भगदड़ मच गई. इस घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. नवरात्रि के मौके पर लाखों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे, जिसके कारण व्यवस्था बिगड़ गई और सुरक्षा के लिए लगाए गए बेरिकेट्स भी टूट गए.
नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु और पदयात्री बड़ी संख्या में डोंगरगढ़ आ रहे हैं. शनिवार की रात भीड़ का दबाव इतना अधिक हो गया कि पुलिस और प्रशासन व्यवस्था संभालने में असमर्थ हो गए. भीड़ के नियंत्रण से बाहर होने के बाद भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई.
राजनांदगांव कलेक्टर संजय अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि उपवास, पैदल चलने और भीड़ की वजह से घबराहट या बेचैनी हो सकती है. उन्होंने आग्रह किया कि श्रद्धालु दर्शन के लिए जल्दबाजी न करें और प्रशासन का सहयोग करें, विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे, माताएं और दिव्यांगजन को प्राथमिकता दें.
प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य और विश्राम के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है. जगह-जगह चिकित्सा शिविर और विश्राम स्थल बनाए गए हैं ताकि भक्तजन बिना किसी परेशानी के दर्शन कर सकें.
कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से बार-बार अपील की है कि भीड़ में धैर्य बनाए रखें और एक-दूसरे का ध्यान रखें. भीड़ अधिक होने के कारण सभी को सहयोग करने की आवश्यकता है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो.
भारत की कृषि गाथा का नया रूप: परिवर्तन का एक दशक
सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft