रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्ततम सड़कों में शुमार VIP रोड़ पर आज यानि सोमवार से बड़ा बदलाव हो गया है। तेलीबांधा तिराहा से VIP एयरपोर्ट तक करीब 9 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग को वन-वे बना दिया गया है। अब इस मार्ग का उपयोग केवल शहर से एयरपोर्ट और नवा रायपुर जाने के लिए किया जा सकेगा। एयरपोर्ट से शहर की ओर लौटने वाले वाहनों को अनिवार्य रूप से सर्विस रोड का उपयोग करना होगा।
भरना होगा भारी जुर्माना
यातायात पुलिस ने साफ किया है कि, शुरुआत में लोगों को नए सिस्टम के बारे में जानकारी दी जाएगी, लेकिन बार-बार नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रॉन्ग साइड चलने वालों पर पहली बार में 2000 रुपए, दूसरी बार में 5000 रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा और तीसरी बार में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिया जाएगा। दूसरी ओर, प्रशासनिक आदेश में जुर्माने की राशि 2500 रुपए भी तय की गई है।
इस मार्ग को वन-वे बनाने का निर्णय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया था। आंकड़ों के अनुसार, बीते 20 महीनों में केवल माना और तेलीबांधा थाना क्षेत्र में VIP रोड पर 55 सड़क हादसे हुए, जिनमें 16 लोगों ने जान गवाई और 59 लोग गंभीर घायल हुए। इसके अलावा, एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अक्सर ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता था, खासकर तब जब इस मार्ग के फार्म हाउसों और होटलों में शादी-ब्याह जैसे कार्यक्रम होते थे।
ई-चालान के माध्यम से होगी कार्यवाही
नए सिस्टम के तहत एयरपोर्ट मार्ग पर CCTV कैमरे और रॉन्ग-वे डिटेक्शन कैमरे लगाए गए हैं। माना एयरपोर्ट प्रवेश मार्ग, पीटीएस चौक, ग्राम टेमरी, फुंडहर चौक और मौलश्री विहार जैसे स्थानों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। नियम तोड़ने वालों को सीधे ई-चालान भेजा जाएगा।
CG POLICE में बड़ा फेरबदल: 29 निरीक्षक समेत 30 पुलिसकर्मियों का तबादला
38 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, 3 महीने में पैसा डबल करने का दिया था झांसा
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft