रायपुर। छत्तीसगढ़ के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रायपुर में एक कार्यक्रम में कहा, मैं भूपेश बघेल के समय भी केंद्रीय गृह मंत्री रहा। मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ यह कह सकता हूं कि, बघेल की सरकार ने नक्सल आतंक को संरक्षण दिया था। मैं समझ नहीं पाता हूं कि, कैसे कोई शासन किसी हथियारबंद समूह को प्रश्रय दे सकता है।
दरअसल, राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शाह ने कहा, छत्तीसगढ़ न केवल स्वयं विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, बल्कि यह नए भारत के लिए शुभंकर सिद्ध होगा। छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर विकसित भारत-2047 की दिशा में एक मजबूत स्तंभ बनकर उभर रहा है।
अमित शाह ने कहा कि, विकसित छत्तीसगढ़ केवल एक नारा नहीं, बल्कि विचारधारा और सुशासन से निकली हुई 25 वर्षों की यात्रा का परिणाम है। छोटे राज्यों की अवधारणा को लेकर कभी शंका व्यक्त की जाती थी, लेकिन छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड ने यह सिद्ध कर दिया है कि, यदि शासन स्पष्ट विचारधारा से संचालित हो तो छोटे राज्य भी विकास के बड़े मॉडल बन सकते हैं।
जब छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड के लिए आंदोलन चल रहे थे, तब लंबे समय तक देश में कांग्रेस की सरकार रही और कहा जाता था कि, इतने छोटे राज्य कैसे टिकेंगे, इनके पास संसाधन कहां से आएंगे और क्या ये विकास कर पाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री रहते हुए ऐतिहासिक निर्णय लिया और कहा कि छोटे राज्यों का निर्माण कोई प्रयोग नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति है।
बंदूक से समस्या का हल नहीं- अमित
नक्सल समस्या पर बोलते हुए शाह ने कहा, यह न तो विकास की कमी का परिणाम है और न ही केवल कानून-व्यवस्था की समस्या, बल्कि पूरी तरह विचारधारा आधारित चुनौती है। बंदूक से समस्या का समाधान भारतीय संविधान की आत्मा के विरुद्ध है। उन्होंने कहा, 25 वर्ष का ट्रैक रिकॉर्ड बताता है कि छत्तीसगढ़ ने जिस गति से विकास किया है, आने वाले 25 वर्ष में वह दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ेगा।
CG POLICE में बड़ा फेरबदल: 29 निरीक्षक समेत 30 पुलिसकर्मियों का तबादला
38 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, 3 महीने में पैसा डबल करने का दिया था झांसा
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft