तखतपुर। छत्तीसगढ़ के तखतपुर ग्राम पंचायत समडील में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी के अचानक तेज हुए बहाव की चपेट में आ गए। हादसे के बाद पुलिस प्रशासन, ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार रेस्क्यू के बाद तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम समडील निवासी अनमोल जायसवाल (7), स्तुति जायसवाल (9) और शिक्षा जायसवाल (8) शनिवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उस समय नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे नदी की चपेट में आ गए और बह गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने भी तत्काल मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू कराया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
SDRF की टीम ने सुबह से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद सबसे पहले 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल का शव पुल के नीचे से बरामद किया गया। इसके बाद 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल का शव एनीकट के पास मिला। सर्च ऑपरेशन जारी रखते हुए टीम ने 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल का शव भी बरामद कर लिया।
3 बच्चों की मौत से गांव में पसरा मातम
तीनों मासूम बच्चों के शव मिलने की खबर से समडील गांव में मातम पसर गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तखतपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने नदी पार करने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
मंत्री केदार कश्यप के काफिले में घुसी स्कॉर्पियो, 4 जवान घायल; बाल-बाल बचे मंत्री
आकाशीय बिजली का कहर, बैगा दंपति की दर्दनाक मौत, एक साथ उजड़ गया परिवार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft