Sunday ,August 23, 2026
होमछत्तीसगढ़आकाशीय बिजली का कहर, बैगा दंपति की दर्दनाक मौत, एक साथ उजड़ गया परिवार...

आकाशीय बिजली का कहर, बैगा दंपति की दर्दनाक मौत, एक साथ उजड़ गया परिवार

 Newsbaji  |  Aug 23, 2026 03:04 PM  | 
Last Updated : Aug 23, 2026 03:04 PM
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बैगा दंपति की दर्दनाक मौत
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बैगा दंपति की दर्दनाक मौत

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में शनिवार शाम मौसम का कहर देखने को मिला। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा ढपनिपानी में आकाशीय बिजली गिरने से बैगा दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

घर के पास बैठे थे पति-पत्नी, तभी गिरी आकाशीय बिजली
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:00 बजे 46 वर्षीय मंगल सिंह अपने घर की दीवार से टिककर बैठे हुए थे। वहीं उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई (43 वर्ष) पास ही परछी में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना और चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे मकान पर आ गिरी। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दोनों पति-पत्नी अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई मौत
परिजनों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

PVTG बैगा समुदाय से थे मृतक
मृतक मंगल सिंह और बिरस्पतिया बाई विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के अंतर्गत आने वाले बैगा समुदाय से थे। परिवार के दो प्रमुख सदस्यों की एक साथ हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले की कागजी कार्रवाई और घटना से संबंधित औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, आकाशीय बिजली गिरने की घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft