Sunday ,September 06, 2026
होमछत्तीसगढ़फिर सुरक्षा व्यवस्था फेल, बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फरार, एक माह में दूसरी बड़ी घटना...

फिर सुरक्षा व्यवस्था फेल, बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फरार, एक माह में दूसरी बड़ी घटना

 Newsbaji  |  Jul 15, 2026 08:29 AM  | 
Last Updated : Jul 15, 2026 08:29 AM
अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फरार
अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फरार

अंबिकापुर। जिले के बिशुनपुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मंगलवार देर रात 13 अपचारी बालक पुराने दरवाजे को तोड़कर फरार हो गए। कुल 14 बालक परिसर से बाहर निकले थे, लेकिन एक को तत्काल पकड़ लिया गया, जबकि 13 की तलाश जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर से बाहर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। परिजनों से भी अपील की गई है कि यदि फरार बालक उनके संपर्क में आएं तो उन्हें वापस बाल संप्रेक्षण गृह भेजने में सहयोग करें।

एक माह में दूसरी बड़ी चूक
यह पहली घटना नहीं है। 23 जून 2026 को भी इसी संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक बारिश के दौरान खिड़की तोड़कर फरार हो गए थे। उस मामले में अब तक दो बालक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इससे पहले फरवरी में भी यहां से अपचारी बालकों के भागने की घटना सामने आ चुकी है।

निर्देश कागजों तक सीमित?
पिछली घटना के बाद कलेक्टर अजीत वसंत और SSP राजेश अग्रवाल ने स्वयं बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद सुरक्षा खामियां दूर नहीं की गईं। नतीजतन, एक माह के भीतर ही फिर इतनी बड़ी सुरक्षा चूक सामने आ गई।

लगातार हो रही घटनाओं ने बाल संप्रेक्षण गृह की निगरानी, सुरक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस बार जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है और फरार अपचारी बालकों को कब तक पकड़ा जा सकेगा।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft