Friday ,September 18, 2026
होमछत्तीसगढ़पुसौर नगर पंचायत में BJP को बड़ा झटका: 8 पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफे का दिया आवेदन, विकास कार्यों को लेकर जताई नाराजगी...

पुसौर नगर पंचायत में BJP को बड़ा झटका: 8 पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफे का दिया आवेदन, विकास कार्यों को लेकर जताई नाराजगी

 Newsbaji  |  Sep 17, 2026 08:13 PM  | 
Last Updated : Sep 17, 2026 08:13 PM
पुसौर नगर पंचायत में BJP के 8 पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफे का दिया आवेदन
पुसौर नगर पंचायत में BJP के 8 पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफे का दिया आवेदन

रायगढ़। जिले से इस वक्त की बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। पुसौर नगर पंचायत में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है। यहां भाजपा के 8 पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की पेशकश करते हुए सामूहिक रूप से आवेदन सौंपा है। सभी पार्षदों ने यह आवेदन जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को सौंपा है।

एक साथ 8 पार्षदों के इस्तीफे की पेशकश से पुसौर की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। खास बात यह है कि पुसौर क्षेत्र प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। ऐसे में बड़ी संख्या में भाजपा पार्षदों के इस कदम ने राजनीतिक चर्चाओं को और बढ़ा दिया है।

विकास कार्यों को लेकर नाराजगी का दावा
पार्षदों की ओर से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जताए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पार्षद पिछले कुछ समय से अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर असंतुष्ट थे।

पार्षदों का दावा है कि पानी, बिजली, सड़क और नाली जैसे बुनियादी विकास कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। इसके अलावा नगर पंचायत में प्रशासनिक कामकाज और शासकीय कर्मचारियों के रवैये को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

नाराजगी बढ़ी तो इस्तीफे की पेशकश
बताया जा रहा है कि, विकास कार्यों को लेकर लंबे समय से चली आ रही नाराजगी के बाद भाजपा के इन 8 पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया और जिला भाजपा अध्यक्ष को सामूहिक इस्तीफे का आवेदन सौंप दिया।
हालांकि, पार्षदों के इस्तीफे स्वीकार हुए हैं या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। वहीं भाजपा संगठन की ओर से इस पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

15 पार्षदों वाली नगर पंचायत में सियासी हलचल
पुसौर नगर पंचायत में कुल 15 पार्षद हैं और यहां भाजपा के पास बहुमत होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में 8 पार्षदों द्वारा एक साथ इस्तीफे की पेशकश किए जाने से नगर पंचायत की राजनीति में इसका असर पड़ने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब नजर इस बात पर है कि भाजपा संगठन इस सामूहिक इस्तीफे की पेशकश पर क्या कदम उठाता है और नाराज पार्षदों को मनाने के लिए क्या पहल की जाती है।

फिलहाल पुसौर नगर पंचायत में 8 भाजपा पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे की पेशकश ने स्थानीय राजनीति को गरमा दिया है। आने वाले दिनों में इस घटनाक्रम में और क्या मोड़ आता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft