Friday ,September 18, 2026
होमजुर्मआरंग में शिक्षक की सिर कुचलकर हत्या, महानदी किनारे खून से लथपथ मिला शव; किसान नेता रुपन चंद्राकर के थे भतीजे...

आरंग में शिक्षक की सिर कुचलकर हत्या, महानदी किनारे खून से लथपथ मिला शव; किसान नेता रुपन चंद्राकर के थे भतीजे

 Newsbaji  |  Sep 17, 2026 07:40 PM  | 
Last Updated : Sep 17, 2026 07:40 PM
आरंग में शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की हत्या, नदी किनारे मिला शव
आरंग में शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की हत्या, नदी किनारे मिला शव

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र में एक शिक्षक की हत्या से सनसनी फैल गई। महानदी के तट पर बनचरौदा के पास शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर का शव खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

किसान नेता रुपन के भतीजे की हत्या  
मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई है। वे शासकीय विद्यालय कुम्हारी में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और डंगनिया (चंपारण) के निवासी बताए गए हैं। शिवकुमार चंद्राकर किसान नेता रुपन चंद्राकर के भतीजे थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिवकुमार के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है। घटनास्थल पर उनकी बाइक भी मिली है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

रंजिश समेत कई एंगल से जांच
घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को रंजिश की आशंका है, हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है।

पुलिस मृतक के परिचितों, परिजनों और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है। हत्या से पहले शिक्षक किन लोगों के संपर्क में थे और वे घटनास्थल तक कैसे पहुंचे, इन बिंदुओं की भी जांच की जा रही है।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से संभावित साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस को उम्मीद है कि फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों से हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

फिलहाल हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft