Thursday ,September 17, 2026
होमजुर्मड्रोन कैमरे ने खोला 2.50 लाख की सोने की चेन चोरी का राज, दो महिलाएं गिरफ्तार...

ड्रोन कैमरे ने खोला 2.50 लाख की सोने की चेन चोरी का राज, दो महिलाएं गिरफ्तार

 Newsbaji  |  Sep 17, 2026 11:20 AM  | 
Last Updated : Sep 17, 2026 11:20 AM
ड्रोन फुटेज से सोने की चेन चोरी का खुलासा, 2 महिला आरोपी गिरफ्तार
ड्रोन फुटेज से सोने की चेन चोरी का खुलासा, 2 महिला आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र में आयोजित जगन्नाथ रथ यात्रा मेले में महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद की है। बरामद चेन की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। मामले में शामिल एक अन्य महिला आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

मेले में भीड़ के बीच गायब हुई सोने की चेन
जानकारी के अनुसार, सरमा देवी, निवासी सन्ना रोड जशपुर 16 जुलाई 2026 को अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ग्राम कस्तूरा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेले में गई थीं। इस दौरान उन्होंने करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन गले में पहन रखी थी।

मेले में अत्यधिक भीड़ के दौरान उन्हें पता चला कि उनके गले से सोने की चेन गायब हो चुकी है। आशंका जताई गई कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने उनके गले से चेन चोरी कर ली। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना दुलदुला में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ड्रोन फुटेज से मिला अहम सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के निर्देशन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन मेले में ड्रोन कैमरे से वीडियो और फोटो शूट किए जा रहे थे। पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरा संचालक से संपर्क कर घटना के समय के वीडियो फुटेज हासिल किए।

फुटेज की बारीकी से जांच करने पर पुलिस ने प्रार्थिया के आसपास संदिग्ध रूप से खड़ी महिलाओं को चिन्हित किया। पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं के फोटो हासिल कर उनकी पहचान और पतासाजी शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर दो महिलाएं हिरासत में
पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। फुटेज में प्रार्थिया के आसपास दिखाई दे रही संदिग्ध महिलाओं की पहचान सोनिया बाई और अनिता बाई, निवासी ग्राम पत्ताकेला, बगीचा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में चोरी स्वीकार, सोने की चेन बरामद
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों महिलाओं ने एक अन्य महिला साथी के साथ मिलकर मेले में भीड़ का फायदा उठाते हुए प्रार्थिया के गले से सोने की चेन चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी महिलाओं के कब्जे से चोरी की गई करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद कर विधिवत जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए है। पुलिस ने सोनिया बाई (30 वर्ष) और अनिता बाई (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। तीसरी आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल एक अन्य महिला आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी पहचान पुलिस द्वारा कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश जारी है। 
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft