रायपुर/बिलासपुर. देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहली बार छत्तीसगढ़ आ रही हैं. 31 अगस्त को वे रायपुर पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी तो वहीं 1 सितंबर को गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में चीफ गेस्ट रहेंगी. उनके आगमन को लेकर सभी जगह तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं.
बता दें कि तय कार्यक्रम व शेड्यूल के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 अगस्त को विशेष विमान से दिल्ली से सीधे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी. यहां उनके आगमन का समय सुबह 10 बजे निर्धारित किया गया है. एयरपोर्ट से वे सीधे राजभवन पहुंचेंगी. वहां तय प्रोटोकाल के मुताबिक उनका स्वागत किया जाएगा. वहां कुछ देर रुकने के बाद वे अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए जाएंगी.
ब्रह्मकुमारीज के कार्यक्रम में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सबसे पहले रायपुर स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगी. यहां उनका संबोधन होने के साथ ही कई अन्य कार्यक्रम होंगे, जिनके वे गवाह बनेंगी.
देखेंगी संग्रहालय
इसी कड़ी में राष्ट्रपति छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित महंत घासीदास संग्रहालय भी जाएंगी. वहां वे संग्रहालय में स्थित प्राचीन प्रतिमाओं, ऐतिहासिक कलाकृतियों व पुरातात्विक महत्व की सामग्रियों का अवलोकन करेंगी.
1 सितंबर को सीयू का दीक्षांत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 अगस्त को रात्रि विश्राम रायपुर में ही करेंगी. इसके बाद अगले दिन 1 सितंबर को वे बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगी. सबसे पहले वे मां महामाया मंदिर रतनपुर पहुंचेंगी, जहां दर्शन करने के बाद वे वापस बिलासपुर आएंगी. यहां गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आयोजित है. इसमें वे चीफ गेस्ट के रूप में शामिल होंगी. उनके हाथों से विवि के मेधावियों को मेडल प्रदान किया जाएगा. यहां से रायपुर लौटने के बाद वे वापस दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी.
डबरापारा में फर्नीचर दुकान में भीषण आग, दमकल की टीम ने आग पर किया नियंत्रण, बड़ा हादसा टला
ED-EOW का बड़ा एक्शन: भारतमाला घोटाले में पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के करीबियों पर छापा
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft