रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभा को संबोधित करने के लिए आने वाले हैं. यहां के कोड़ातराई मैदान में सभा प्रस्तावित है. बीजेपी के छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर समेत अन्य दिग्गज नेताओं ने मौके का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए.
बता दें कि तय योजना के मुताबिक 17 या 18 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायगढ़ आ सकते हैं. उनकी सभा यहां के कोड़ातराई मैदान में होना है. हालांकि प्रधानमंत्री के दौरे व चुनावी सभा को लेकर उहापोह के हालात बने हुए थे. लेकिन, अब कार्यक्रम व स्थल को लेकर काफी हद तक अनिश्चितता दूर हो गई है. अब इस निरीक्षण से 17 या 18 अगस्त को नरेंद्र मोदी की आमसभा कोड़ातराई में होना तय है.
इनकी रही मौजूदगी
शनिवार सुबह छत्तीसगढ़ बीजेपी व चुनाव प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश बीजेपी सह प्रभारी नितिन नवीन, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश बीजेपी महामंत्री ओपी चौधरी ने पीएम के जिले में प्रस्तावित दौरे को लेकर कोड़ातराई मैदान का सघन निरीक्षण किया. मौके पर करीब 35 मिनट से ज्यादा समय तक चर्चा की गई. व्यवस्था को लेकर रणनीति बनाई गई.
एक दिन पहले बैठक भी हुई
बता दें कि पीएम की प्रस्तावित सभा को लेकर शुक्रवार को इन पदाधिकारियों की बैठक भी शहर के एक होटल में रखी गई थी. इसमें सभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भीड़ बढ़ाने समेत व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई. डेढ़ लाख से ज्यादा की भीड़ बढ़ाने पर चर्चा हुई. फिर उसी के अनुरूप शनिवार को मैदान को परखा गया.
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft