बीजापुर। छत्तीसगढ़ के घोर नक्सल प्रभावित जिला बीजापुर के दूरस्थ गांव पेद्दाकोरमा में मंगलवार को नक्सलियों ने तांडव किया। सरेंडर कर चुके नक्सली नेता के रिश्तेदारों को निशाना बनाते हुए नक्सलियों ने तीन ग्रामीणों की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी है। मृतकों की पहचान झींगु मोडियम (छात्र) सोमा मोडियम और अनिल माड़वी के रूप में हुई है। इनमें से दो मृतक पूर्व नक्सली कमांडर दिनेश मोडियम के नजदीकी रिश्तेदार है।
नक्सलियों ने ग्रामीणों का किया अपहरण
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब 4 बजे नक्सली नेता वेल्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नक्सली गांव में घुसे और तीनों ग्रामीणों को पकड़कर निर्ममता से मार डाला। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने गांव के सात अन्य लोगों की पिटाई की और करीब दर्जनभर लोगों का अपहरण कर लिया है। घटना के बाद से पेद्दाकोरमा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
दहशत फैलाने की कोशिश
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि, नक्सलियों ने गांव में भय का वातावरण बनाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया है। एसपी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे डरें नहीं और पुलिस का सहयोग करें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में विवेचना कर रही है।
भाजपा की डिजिटल लर्निंग कार्यशाला संपन्न, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
ऑनलाइन ट्रेडिंग और नौकरी के नाम पर 85 लाख की ठगी, भिलाई में मामला दर्ज
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft