Friday ,May 01, 2026
होमछत्तीसगढ़रायपुर कृषि विश्वविद्यालय में आधी रात भीषण आग, लाखों का नुकसान, घंटों बाद पहुंची दमकल...

रायपुर कृषि विश्वविद्यालय में आधी रात भीषण आग, लाखों का नुकसान, घंटों बाद पहुंची दमकल

 Newsbaji  |  May 01, 2026 09:38 AM  | 
Last Updated : May 01, 2026 09:38 AM
रायपुर कृषि विश्वविद्यालय में आधी रात लगी भीषण आग
रायपुर कृषि विश्वविद्यालय में आधी रात लगी भीषण आग

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में रात करीब 1:00 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि विश्वविद्यालय परिसर और हॉस्टल की बिजली व्यवस्था घंटों तक बाधित रही।

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के खेत परीक्षण क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते कई एकड़ क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया। इस घटना में कृषि अनुसंधान और परीक्षण कार्य को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 20 लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और छात्रों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण इसे नियंत्रित करना संभव नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि, दमकल विभाग को सूचना देने में शुरुआती देरी हुई, जिससे आग और फैल गई।

स्थिति गंभीर होने पर दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

घटना के दौरान विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर मौजूद न होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और मामले की जांच जारी है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft