कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अपने घर के कमरे में सो रहे 3 साल के बच्चे के मुंह में छिपकली घुस गई. बाद में तड़प-तड़पकर बच्चे ने दम तोड़ दिया. घटना के समय बच्चे की मां उसे सुलाकर पास की दुकान चली गई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बता दें कि मामला कोरबा जिले के बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है. यहां के नागिनभाठा मोहल्ले में राजकुमार सांडे अपने परिवार के साथ रहता है. उसके दो बच्चे थे, जिनमें से एक बड़ी बेटी है तो दूसरा 3 वर्षीय जगदीश सांडे था. बच्चे की मां ने उसे सुलाया था. फिर उसे बिस्तर में लेटाकर वह दुकान चली गई.
मुंह खुला होने पर घुसने की आशंका
थोड़ी ही देर में बच्चे के नींद से उठकर जोर-जोर से चिल्लाने और रोने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़कर आए. इस बीच बच्चे की मां भी पहुंच गई. किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था. बाद में किसी तरह उन्हें जानकारी हुई. लेकिन, छिपकली के जहर और उसके इधर-उधर उछलकूद करने से बच्चे की हालत दयनीय हो गई. जोर-जोर से छटपटाने के बाद वह निढाल हो गया. इसके बाद घर पर ही उसने दम तोड़ दिया.
पीएम के लिए भेजा शव
घटना की जानकारी मोहल्लेवालों ने पुलिस को दी. तब कुछ ही देर में बाकीमोंगरा पुलिस पहुंच गई. उन्होंने शव को कब्जे में ले लिया और फिर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है. पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी. बहरहाल पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया है.
अयोध्या को लेकर अखिलेश यादव का हमला, बोले- रिकॉर्ड तोड़ यात्राओं की भी हो SIT जांच
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft