जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुरपा के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा दुरपा मोड़ के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक चालकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान ग्राम हरेठी निवासी मनोज केंवट और बिर्रा थाना क्षेत्र के नकटीडीह निवासी पियूष टार्जन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी कार्य से शिवरीनारायण आए थे और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
दो मासूम बच्चे गंभीर
हादसे के दौरान बाइकों पर सवार दो छोटे बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार बनी कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, दोनों बाइकें तेज गति में थीं, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस सड़क की स्थिति और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग पहले से ही दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील है। हादसे के बाद पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft