रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के परसकोल में पुलिस पूछताछ के बाद एक ग्रामीण की तबीयत बिगड़ने और इलाज के दौरान मौत होने से बवाल मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने गुरुवार शाम को विरोध जताते हुए नेशनल हाईवे-49 पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान हाईवे पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।
हत्या की वारदात में पूछताछ
मिली जानकारी के अनुसार, हत्याकांड के एक मामले में पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने के बाद ग्रामीण की हालत अचानक बिगड़ गई थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपए मुआवजा, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के निलंबन व दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। इस दौरान प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच लंबे समय तक चर्चा होती रही, लेकिन शुरुआत में ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
विधायक की समझाइस पर माने परिजन
घटना की जानकारी मिलने पर खरसिया विधायक उमेश पटेल भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों की जानकारी ली। देर रात विधायक की मौजूदगी में प्रशासन और पीड़ित परिवार के बीच सहमति बनी।
प्रशासन की ओर से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मजिस्ट्रियल जांच कराने, मृतक की पत्नी को कलेक्टर दर पर आसपास के किसी शासकीय स्कूल में नौकरी देने, जांच पूरी होने तक संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच करने और मुआवजा राशि देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
CG POLICE में बड़ा फेरबदल: 29 निरीक्षक समेत 30 पुलिसकर्मियों का तबादला
38 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, 3 महीने में पैसा डबल करने का दिया था झांसा
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft