रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बंगले के सामने पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकी राम कंवर ने धरने पर बैठने का ऐलान 04 अक्टूबर 2025 (शनिवार) को किया है। इसके लिए उन्होंने रायपुर के कलेक्टर डॉ गौरव सिंह को पत्र लिखकर सूचना दे दी है। उन्होंने बीते दिनों कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत के खिलाफ मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कलेक्टर को हटाने की मांग की थी।
कलेक्टर को लिखे पत्र में पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि, मुख्यमंत्री को 21 और 22 सितंबर 2025 को शिकायत पत्र देते हुए सरकार से मांग की थी कि, कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को 03 दिन के भीतर कोरबा से हटाया नहीं गया तो, मैं सीएम हाउस के सामने धरने पर बैठने के लिए बाध्य रहूंगा।
पत्र ने मचाया कोहराम
ननकी राम कंवर ने कहा कि, मेरी शिकायत पर हमारी भाजपा की राज्य सरकार में संज्ञान नहीं लिया जाना स्पष्ट प्रमाण है कि, मुख्यमंत्री को अधिकारी अपने कब्जे में करके गुमराह कर रहे हैं। जब मेरे जैसे वरिष्ठ नेता की शिकायत पर कोई कार्यवाही नहीं होती है तो, अन्य जनप्रतिनिधियों की शिकायत को किस तरह संज्ञान में लिया जाता होगा, यह समझा जा सकता है। कोरबा कलेक्टर के भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने में राज्य सरकार में बैठे बड़े अफसरों का योगदान होना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
वहीं, इस पूरे मामले में कांग्रेस पार्टी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि, प्रशासनिक अराजकता को ननकी राम कंवर ने इंगित किया है। भाजपा सरकार से पार्टी के वरिष्ठ आदिवासी नेता परेशान है, तो आम आदमी कितना परेशान होगा, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है, वरिष्ठ नेता इतने परेशान है कि, उनको मजबूरन धरने पर बैठना पड़ रहा है।
अयोध्या को लेकर अखिलेश यादव का हमला, बोले- रिकॉर्ड तोड़ यात्राओं की भी हो SIT जांच
टेंडर प्रक्रिया से पहले PG कॉलेज मैदान में शुरू हुआ काम, प्रशासन की तैयारियों पर उठे प्रश्न
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft