रायपुर/बस्तर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान जंगल से बरामद 14 लाख 89 हजार रुपए की नकदी पर पहली बार सार्वजनिक दावा-आपत्ति दर्ज कराने का आज (9 जुलाई 2026) अंतिम दिन है। राज्य सरकार ने वैध स्वामित्व रखने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं को 9 जुलाई 2026 को दोपहर 3:00 बजे तक अपना दावा या आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
गृह विभाग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, दावा या आपत्ति प्रमुख सचिव, गृह विभाग, मंत्रालय, महानदी भवन, नया रायपुर अटल नगर के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती है। यह प्रक्रिया नक्सल विरोधी अभियानों में जब्त संपत्ति के निपटारे में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से पहली बार अपनाई गई है।
जंगल में दबे स्टील के डिब्बे से मिली थी नकदी
पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को मिली खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बम निरोधक दस्ते (BDS) की सहायता से जंगल के एक चिन्हित स्थान पर खुदाई की गई। यहां जमीन के भीतर दबे एक स्टील के डिब्बे से 500-500 रुपए के नोटों के 29 बंडल, एक अतिरिक्त बंडल और नक्सली साहित्य बरामद हुआ। गिनती में कुल 14 लाख 89 हजार रुपए की नकदी मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस का दावा- लेवी की रकम
पुलिस का दावा है कि, बरामद राशि नक्सलियों द्वारा अवैध वसूली (लेवी) के जरिए एकत्र की गई थी। इस मामले में थाना सोनपुर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
अफसरों के अनुसार, यदि निर्धारित समय सीमा तक कोई वैध दावेदार सामने नहीं आता, तो बरामद राशि के संबंध में आगे की कार्रवाई कानून के प्रावधानों के अनुरूप की जाएगी।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft