Saturday ,April 25, 2026
होमछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ बना राजनीतिक अखाड़ा, घर-ससुराल को लेकर बयानबाजी तेज, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने...

छत्तीसगढ़ बना राजनीतिक अखाड़ा, घर-ससुराल को लेकर बयानबाजी तेज, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

 Newsbaji  |  Jul 09, 2025 10:30 AM  | 
Last Updated : Jul 09, 2025 10:30 AM
राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों में छिड़ी जुबानी जंग
राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों में छिड़ी जुबानी जंग

रायपुर। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरों को लेकर बयान देने के बाद से सियासी संग्राम छिड़ गया है। पिछले दिनों खरगे ने रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित किसान-जवान-संविधान सभा में कहा था कि अमित शाह का न तो छत्तीसगढ़ में घर है, न ससुराल, फिर भी वह बार-बार यहां क्यों आते है। इस बयान को लेकर सूबे की राजनीतिक फिंजा में बयानबाजी की बौछार शुरु हो गई है। 

कांग्रेस-भाजपा की बयानबाजी
दरअसल, खरगे ने आरोप लगाया था कि शाह गरीबों के लिए नहीं, बल्कि राज्य के खनिज संसाधनों को लूटने के इरादे से यहां आते है। इस बयान पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस से यह भी पूछा कि जब कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का विदेशों में न घर है और न ससुराल, तो वह बार-बार विदेश क्यों जाते हैं?

प्रदेश के मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि संसद का सत्र हो, या कोई आंदोलन चल रहा हो या देश में कोई बड़ी घटना घट रही हो, राहुल गांधी अक्सर ऐसे समय विदेश रवाना हो जाते हैं। विदेश जाकर भी वह भारत के खिलाफ बयानबाजी करते हैं और भारतीय संविधान की आलोचना करते रहते हैं।

केदार कश्यप ने खरगे के बयान को ओछी और स्तरहीन राजनीति करार दिया है। उन्होंने कहा कि, केंद्रीय गृह मंत्री न केवल देश के आंतरिक सुरक्षा के प्रमुख हैं, बल्कि माओवाद प्रभावित इलाकों की रणनीतिक समीक्षा करना उनका दायित्व है। शाह छत्तीसगढ़ में माओवाद के उन्मूलन के लिए गंभीर प्रयास कर रहे हैं और यही कारण है कि बार-बार राज्य का दौरा कर रहे हैं।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft