Wednesday ,October 07, 2026
होमछत्तीसगढ़CEC ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा ऐन वक्त पर स्थगित, ‘अपरिहार्य कारणों’ का हवाला...

CEC ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा ऐन वक्त पर स्थगित, ‘अपरिहार्य कारणों’ का हवाला

 Newsbaji  |  Oct 07, 2026 08:50 AM  | 
Last Updated : Oct 07, 2026 08:50 AM
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित

रायपुर। देशभर में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों और विपक्षी दलों के विरोध के बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा अचानक स्थगित कर दिया गया है। ज्ञानेश कुमार को भारत निर्वाचन आयोग के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर रायपुर आना था। हालांकि, दौरे से ठीक पहले निर्वाचन कार्यालय की ओर से कार्यक्रम स्थगित किए जाने की सूचना जारी कर दी गई।

रायपुर स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय ने इस संबंध में राज्य सरकार के शिष्टाचार विभाग को आधिकारिक पत्र भेजकर दौरा स्थगित होने की जानकारी दी है। पत्र में इसके पीछे अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया गया है। हालांकि, दौरा स्थगित करने की कोई विस्तृत वजह आधिकारिक तौर पर नहीं बताई गई है।

राज्य अतिथि का दर्जा, सुरक्षा और प्रोटोकॉल की थी तैयारी
CEC ज्ञानेश कुमार के प्रस्तावित दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ प्रशासन में पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। राज्य सरकार ने उन्हें ‘राज्य अतिथि’ का दर्जा दिया था। इसके तहत उनके ठहरने, सुरक्षा और परिवहन को लेकर विशेष प्रोटोकॉल तैयार किया गया था।

मंगलवार को ही राज्य के शिष्टाचार अधिकारी की ओर से दौरे को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। लेकिन कुछ ही घंटों बाद निर्वाचन कार्यालय की ओर से कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना भेज दी गई। इससे प्रशासनिक स्तर पर की गई तैयारियां भी फिलहाल रोक दी गई हैं।

नई तारीख अभी तय नहीं
निर्वाचन कार्यालय की ओर से फिलहाल CEC के छत्तीसगढ़ दौरे की नई तारीख तय नहीं की गई है। अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली से भारत निर्वाचन आयोग का नया कार्यक्रम मिलने के बाद ही अगली तारीख के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

राजनीतिक विरोध के बीच दौरा स्थगित होने से चर्चाएं तेज
आधिकारिक तौर पर दौरा स्थगित किए जाने के पीछे “अपरिहार्य कारण” बताया गया है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में इसे देशभर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ चल रहे विरोध और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों से जोड़कर देखा जा रहा है।

विपक्षी दल लगातार निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। ऐसे समय में CEC का छत्तीसगढ़ दौरा अचानक रद्द होने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft